शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे में ‘भीतर रैनी’ की रस्म के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार को पारंपरिक रथ खींचने के दौरान रथ की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दूसरा ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल ग्रामीण का पैर कट गया है। उसे तत्काल जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
गौरतलब है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं और पारंपरिक रथ परिक्रमा के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। बुधवार को ‘भीतर रैनी’ की रस्म के तहत विशाल पारंपरिक रथ खींचा जा रहा था। इसी दौरान दो ग्रामीण रथ की चपेट में आ गए। हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रथ खींच रहे लोगों और वहां मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार की स्थिति बन गई। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
महारानी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने हादसे में एक ग्रामीण की मौत और दूसरे घायल का पैर कटने की पुष्टि की है। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है। बस्तर दशहरे की महत्वपूर्ण रस्म के दौरान हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों और आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं में शोक का माहौल है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले और घायल ग्रामीण की पहचान तथा दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


