कोरोना के चलते 100 स्कूलो ने स्कूल बंद करने लगाई अर्जी, विद्यार्थियों के सामने संकट की स्थिति…

शेयर करें...

रायपुर/ कोरोना का असर प्रदेश के छोटे स्कूलों पर भी नजर आने लगा है। छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा स्कूलों ने अगले साल से बंद करने की अर्जी लगाई है। सिर्फ राजधानी में ही प्रायमरी-मिडिल लेवल के 11 स्कूलों ने शिक्षा विभाग को आवेदन दिया है कि अगले साल वे स्कूल चलाने की स्थिति में नहीं हैं।

Join WhatsApp Group Click Here


दरअसल कोरोना के कारण इस साल इक्का दुक्का बच्चों ने ही एडमिशन लिया, जिसके कारण संचालन में दिक्कत हो रही है। अब ऐसी स्थिति में उन बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया, जो इन स्कूलों में पढ़ रहे हैं। ये बच्चे अगले साल कहां जाएंगे, ये तय नहीं है। शिक्षा अफसरों ने बताया कि राजधानी के अधिकांश ऐसे स्कूल सीजी बोर्ड वाले हैं। हालांकि पहले भी साल में एक-दो स्कूल प्रबंधन बंद करने की अर्जी लगाते रहे हैं, लेकिन कोरोना काल में यह संख्या कई गुना बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता का कहना है कि कोरोना की वजह से राज्य में करीब सौ से ज्यादा निजी स्कूल बंद होने की कगार पर हैं। कई में ताले लग चुके हैं। कई स्कूलों ने किराये के भवन छोड़ दिए हैं।


कई सरकारी स्कूल भी खतरे में


राज्य में कई सरकारी स्कूल भी मर्ज हो सकते हैं। करीब 5 साल पहले छात्र संख्या कम होने और एक ही कैंपस में स्कूल चलने की वजह से राज्य में 3 हजार से अधिक सरकारी स्कूल मर्ज हुए थे। कोरोना के कारण दोबारा ऐसी स्थिति बनती दिख रही है। रायपुर में दर्जनभर स्कूल और हैं, जहां छात्रों की संख्या 30 से कम है।


जिस तरह से निजी स्कूल को शुरू करने के लिए संबंधित जिला शिक्षा विभाग से मान्यता लेनी पड़ती है। वैसे ही बंद करने के लिए आवेदन करना होता है। आवेदन के बाद शिक्षा विभाग स्कूल का निरीक्षण करेगा। वहाँ उपलब्ध दस्तावेज की जानकारी लेगा। छात्रों से संबंधित जानकारी अपने पास रखेगा। ताकि छात्रों को भविष्य में कभी जन्म तिथि के बारे में या अन्य जानकारी लेनी हो तो वह मिल सके।


स्कूल बंद का निर्णय लेने की वजह


1 कोरोना काल में कई लोग शहर छोड़कर चले गए। जाहिर है, उनके बच्चों ने भी स्कूल छोड़ दिया।
2 कोरोना में अधिकांश लोगों की आर्थिक हालत तंग है, इसलिए कम फीस वाले स्कूलों से पैरेंट्स ने बच्चों को निकालकर सरकारी स्कूल में दाखिला करवा दिया।

Scroll to Top