शेयर करें...
रायगढ़(आकाश, मनोज) // कलेक्टर भीम सिंह आज बरमकेला ब्लाक के अंतर्गत आने वाले बाढ़ पीड़ित गांवों का मुआयना करने पहुंचे हुए थे इस दौरान उन्होंने महा नदी किनारे बसे गांव परशुरामपुर, सुरसी, पोरथ, कोर्रा सहित अन्य गांव का निरीक्षण कर बाढ़ से होने वाले क्षति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए काफी चिंतित है और जितना जल्द हो सके इन परिवारों को आर्थिक मदद और मुआवजा की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में हुए कुल क्षति का आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा राशि देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठन और औद्योगिक संस्थाओं विशेषकर पुलिस विभाग द्वारा संवेदना कार्यक्रम के तहत सहायता के रूप में राहत सामग्रियों का वितरण भी पीड़ित परिवारों को किया जा रहा है। इसके अलावा हर संभव मदद भी जिला प्रशासन द्वारा भी की जाएगी।

बरमकेला तहसीलदार राकेश वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में कुल 496 हेक्टेयर फसल का नुकसान हुआ है जिसमे धान और सब्जी की फसल शामिल है। इसके लिए प्रत्येक गांव में 1 पटवारी की ड्यूटी लगाई गई थी जिनके द्वारा सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है वही मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा तहसील क्षेत्र में कुल 2967 आंशिक और 99 मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए है। इनके लिए भी मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है और जल्द ही मुआवजा की राशि पीड़ितों को प्रदान की जाएगा। तहसीलदार राकेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के नियमानुसार किसानों को मुआवजा के तौर पर सिंचित भूमि के लिए प्रति हेक्टेयर 13,500, असिंचित के लिए 6,800 रुपये वहीं मकान के पूर्ण क्षति के लिए 95,000 और आंशिक क्षति के लिए 5000 रुपये की दर से मुआवजा की राशि प्रदान की जाएगी।


You must be logged in to post a comment.