शेयर करें...
रायपुर/ बीएड और डीएलएड प्रशिक्षणार्थी अभ्यर्थी नौकरी की मांग को लेकर कल सड़क पर उतर आए. सुबह 11:00 बजे से प्रदेश भर के प्रशिक्षणार्थी राजधानी के बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर मौजूद होकर नौकरी की मांग कर रहे थे. आपको बता दें कि प्रदेश में 14,580 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लटकी हुई है, प्रदेश भर से युवा लगातार इस भर्ती को पूरा करने की मांग कर रहे हैं.
छत्तीसगढ़ में लंबे समय से स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है. प्रस्तावित भर्ती की प्रक्रिया पूर्व से लंबित है और प्रदेश के सरकारी स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं. अपनी मांगों को लेकर शिक्षक भर्ती के लिए पात्र युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाते हुए अनोखा प्रदर्शन किया. बूढ़ा तालाब क्षेत्र में युवाओं की लंबी लाईने नजर आई.
मामले में स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने मीडिया से कहा है कि प्रदेश में 14,580 शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया कोरोना काल के बाद पूरी होगी. उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सभी के साथ न्याय करेगी. प्रदेश में काफी लंबे समय से शिक्षकों के नियमित पद रिक्त हैं. इसकी वजह से शिक्षा व्यवस्था पर सीधा असर पड़ रहा है.
बता दें कि जो युवक 10 साल पहले पात्रता परीक्षा दी थी वे भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. प्रदेश के कई गांवों में सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे स्कूलों का संचालन हो रहा है. शहरी क्षेत्रों में भी इसी तरह के हालात अब नजर आने लगे हैं.


