पैसों के लेनदेन के विवाद में युवक पर टंगिया और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, पिता-पुत्रों समेत तीन पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम झुमका में पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां 30 वर्षीय युवक श्रीकांत जाटवर पर टंगिया, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Join WhatsApp Group Click Here

घर से बुलाकर गली में ले गए, फिर किया हमला

सरसींवा थाने में दर्ज एफआईआर क्रमांक 0369/2026 के अनुसार, ग्राम झुमका निवासी किसान लवकुश जाटवर (62 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे श्रीकांत जाटवर (30 वर्ष) का गांव के भरत रात्रे और टेकू रात्रे के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।

शिकायत के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे श्रीकांत अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का सवित रात्रे उसके घर पहुंचा और उसे बुलाकर अटल चौक के पास स्थित गली में ले गया। वहां पहले से भरत रात्रे और टेकू रात्रे मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर पैसों के लेनदेन की बात पर श्रीकांत के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए टंगिया, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से श्रीकांत पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया घायल

घटना के दौरान आसपास के लोगों ने शोरगुल और मारपीट देखी-सुनी। घायल श्रीकांत को तत्काल डायल 112 की सहायता से सरसींवा स्थित रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया। बेटे को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पिता लवकुश जाटवर ने 25 नवंबर की तड़के करीब 1:55 बजे सरसींवा थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

तीन आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में अपराध दर्ज

पुलिस ने मामले में भरत रात्रे (पिता सवित रात्रे), टेकू रात्रे (पिता सवित रात्रे) और सवित रात्रे (पिता गोवर्धन रात्रे) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की निम्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। धारा 109(1): हत्या का प्रयास, धारा 296: अश्लील शब्दों का प्रयोग और गाली-गलौज, धारा 351(3): जान से मारने या गंभीर चोट पहुंचाने की आपराधिक धमकी और धारा 3(5): एक से अधिक व्यक्तियों द्वारा सामान्य आशय से अपराध करना के तहत प्रधान आरक्षक फागूलाल निराला (क्रमांक 149) द्वारा अपराध पंजीबद्ध किए जाने के बाद पुलिस विवेचना में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

Scroll to Top