शेयर करें...
रायगढ़// अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ छाल पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में न्यायालय से बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बेहरामार में 530 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्ती के मामले में घरघोड़ा न्यायालय ने आरोपी जयपाल राठिया (40 वर्ष) को दोषी ठहराते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह फैसला 17 नवंबर 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी घरघोड़ा मिनी ठाकुर की अदालत ने सुनाया।
मार्च में छापेमारी कर जब्त की गई थी 530 लीटर शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में दबिश दी थी। इस दौरान जयपाल राठिया, पिता कोलसिंह राठिया, निवासी ग्राम बेहरामार के कब्जे से एक सिंटेक्स टंकी, 8 जरीकेन और 10 बोतलों में भरी कुल 530 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी 5 मई 2026 को की गई थी।
10 गवाहों के बयान और 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल बने आधार
मामले की विवेचना छाल थाना के प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय ने की। विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध 7 मई 2026 को न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। शासन की ओर से एडीपीओ सत्यप्रकाश महिलाने ने पैरवी की। अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में 10 गवाहों के बयान कराए और 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल प्रस्तुत किए।
न्यायालय ने मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद जयपाल राठिया के कब्जे से 530 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब की बरामदगी और बिना वैध अनुज्ञा पत्र के उसे अपने कब्जे में रखने का अपराध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रमाणित पाया। इसके बाद आरोपी को एक वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।
एसएसपी ने पुलिस टीम की सराहना की
इस फैसले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नसीर खान और प्रकरण के विवेचक प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय की सराहना की। उन्होंने प्रभावी विवेचना और न्यायालय में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने के प्रयासों की प्रशंसा की।


