शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। दिवाकर अस्पताल से जुड़े इस मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम को पता चला है कि आरोपित IVF सेंटरों के कर्मचारियों की मदद से निःसंतान दंपतियों की जानकारी जुटाते थे। इसके बदले कर्मचारियों को रुपये दिए जाते थे। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक 100 से अधिक बच्चों की खरीद-बिक्री की गई है।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार पुरुष नर्स एक IVF सेंटर में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था। आरोप है कि वह सेंटर में आने वाले निःसंतान दंपतियों का डेटा पैसों के लालच में आरोपितों को उपलब्ध कराता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब संबंधित IVF सेंटरों की भूमिका की जांच करने की तैयारी कर रही है। वहीं, दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है और अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। मामले में अब तक छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एक लाख रुपये महीने में किराये पर लिया था अस्पताल
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपित महानंद पहले कई निजी अस्पतालों में पीआरओ (जनसंपर्क अधिकारी) के रूप में काम कर चुका है। अस्पतालों के प्रचार-प्रसार के दौरान उसकी मुलाकात दिवाकर अस्पताल के संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से हुई थी। इसके बाद समझौते के आधार पर उसने अस्पताल को एक लाख रुपये मासिक किराये पर लिया था। आरोप है कि इसी अस्पताल का इस्तेमाल बच्चों की डिलीवरी कराने और कथित खरीद-फरोख्त के लिए किया जाने लगा।
गली के अंदर तीन मंजिला मकान में चल रहा था अस्पताल
पड़ताल में सामने आया कि दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल गोगांव स्थित बसंत विहार के मुख्य गेट से करीब दो किलोमीटर दूर एक संकरी गली में तीन मंजिला मकान के भीतर संचालित हो रहा था। अस्पताल के बाहर लगे बोर्ड पर मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, यूरो, कार्डियो और छाती रोग सहित कई विभागों का उल्लेख था, लेकिन किसी डॉक्टर का नाम दर्ज नहीं था।
मुफ्त इलाज और डिलीवरी का झांसा देकर महिला को बुलाया
मामले का खुलासा सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। करीब 20 दिन पहले उसकी मुलाकात रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुई थी। कृतिका ने महिला को मुफ्त इलाज और डिलीवरी कराने का भरोसा देकर रायपुर बुलाया। इसके बाद उसे गीतिका और अहिल्या से मिलवाया गया। चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अहिल्या के घर में कथित तौर पर बंधक बना लिया गया।
आरोप है कि महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने की कोशिश की गई। हालांकि, रकम के बंटवारे को लेकर आरोपितों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया।
आठ राज्यों तक फैला था नेटवर्क, 100 से अधिक बच्चों की बिक्री की आशंका
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपित वर्ष 2024 से इस नेटवर्क में सक्रिय थे। इनका संपर्क आठ राज्यों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इस दौरान 100 से अधिक बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई होगी। आरोपित कथित तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को पैसों का लालच देकर नवजात हासिल करते थे और दूसरी ओर निःसंतान दंपतियों को खरीदार के रूप में तलाशते थे। पुलिस ने वाट्सएप चैट और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य जुटाए हैं। अब जांच टीम अन्य सहयोगियों, IVF सेंटरों से जुड़े लोगों और कथित खरीदारों की तलाश कर रही है।
अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
एडीसीपी राहुल देव शर्मा के अनुसार, अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमएचओ को पत्र लिखा गया है। बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आजाद चौक TI अर्चना धुरंधर के मुताबिक, आरोपितों ने अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है, इसकी जांच जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।


