शेयर करें...
रायगढ़// शादी का प्रलोभन देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकरने और जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष) को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि वह आरोपी सागर पटैल को काफी समय से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
युवती के मुताबिक, जब उसने आरोपी को बताया कि उसके परिजन इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं हैं, तब 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने की बात कहकर वह उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और फिर अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी।
शादी से मुकरने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने के लिए आरोपी से बातचीत की। आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती द्वारा दबाव बनाने पर आरोपी ने उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी।
युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद महिला थाना की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खरसिया रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
महिला थाना की टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में की गई। इसमें महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत और आरक्षक रविन्द्र गुप्ता (थाना साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिला संबंधी अपराधों में पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।


