बड़ी खबर : 40 दिनों बाद पटवारियों की हड़ताल हुई खत्म, मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद संघ ने लिया फैसला, सोमवार से लौटेंगे काम पर..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे पटवारियों ने आखिरकार हड़ताल खत्म कर दी है। 13 अक्टूबर से नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को 22 नवंबर को समाप्त करने का ऐलान किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

राजस्व पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात के बाद यह फैसला लिया। आंदोलन में शामिल 229 पटवारियों के काम पर लौटने से प्रदेश में प्रभावित राजस्व कार्यों के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद है।

पटवारी संघ और मुख्यमंत्री के बीच हुई मुलाकात में वेतनमान और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने हड़ताल खत्म करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि पटवारियों की मांगों पर विचार करने के लिए सरकार ने एक समिति गठित की है। यह समिति पटवारियों से भी सुझाव लेगी और जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसके बाद सरकार मांगों पर आगे निर्णय लेगी।योजनाएं खोजें

हड़ताल के कारण राजस्व विभाग से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे थे। अब पटवारियों के आंदोलन से पीछे हटने के बाद आम लोगों को नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने भी पटवारियों की वापसी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश में धान खरीदी का काम चल रहा है। वहीं चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है। ऐसे समय में राजस्व अमले की सक्रियता जरूरी है। फिलहाल पटवारियों की मांगों पर गठित समिति की रिपोर्ट का इंतजार रहेगा। सरकार ने संकेत दिए हैं कि रिपोर्ट मिलने के बाद मांगों पर विचार किया जाएगा।

Scroll to Top