दो दिनों में यातायात नियम तोड़ने वाले 85 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 43 हजार का वसूला जुर्माना..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पिछले दो दिनों में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 85 प्रकरणों में कुल 43 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 55 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 29,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 18 नवंबर को 30 प्रकरणों में 13,800 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इस तरह दो दिनों में कुल 85 मामलों में 43 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

तीन सवारी, नो पार्किंग और बिना हेलमेट के सबसे ज्यादा चालान

18 नवंबर की कार्रवाई में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 13, नो पार्किंग के 9 और बिना हेलमेट के 7 चालान किए गए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार, गलत पार्किंग और लापरवाही से वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया। मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से लगने वाले जाम को कम करना भी अभियान का उद्देश्य रहा।

वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें: जितेंद्र कुमार चंद्रा

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति हेलमेट जरूर पहनें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें और निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं।

यातायात पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने वाहन चालकों को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें। मोबाइल के इस्तेमाल से ध्यान भटकता है और गंभीर सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करने और यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में वाहन चेकिंग और चालानी कार्रवाई लगातार जारी है।

Scroll to Top