छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 30 नवंबर तक मिलेगा मौका..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने राज्य में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 30 नवंबर कर दी है। इस फैसले से प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को एक और अवसर मिल सकेगा।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए इंडियन नर्सिंग काउंसिल से आग्रह किया था। शुरुआत में तिथि बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मामले में स्वयं पहल की। उन्होंने विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष छत्तीसगढ़ में प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था।

स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों के बाद इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस फैसले का प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

एसोसिएशन का मानना है कि समय-सीमा बढ़ने से प्रदेश के उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अब तक नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश नहीं ले पाए थे। साथ ही नर्सिंग शिक्षा से जुड़े संस्थानों को भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।

प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद अब राज्य में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग प्रक्रिया कल से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इससे प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों में उम्मीद जगी है। अब विद्यार्थियों को 30 नवंबर तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।

Scroll to Top