चक्रवात अकवान का छत्तीसगढ़ में दिखने लगा असर, कई जिलों में बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, 12 जिलों में यलो अलर्ट..

शेयर करें...

रायपुर// बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर सहित कई अन्य जिलों में गुरुवार रात करीब 8 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इसके अलावा सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार दोपहर की स्थिति टल लगातार बूँदा बांदी के साथ बारिश चालू है। मौसम में आई ठंडक के कारण रात में कई इलाकों में लोग ठिठुरन से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए।

Join WhatsApp Group Click Here

मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

ओडिशा तट से टकराएगा चक्रवाती तूफान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके शुक्रवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है। तट से टकराने के दौरान तूफान की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। वहीं, हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस मौसमी सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

रायपुर समेत 12 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़ बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, तापमान में आएगी गिरावट

शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। चक्रवात के प्रभाव से ठंडी हवाओं और बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। ऐसे में अगले दो दिनों तक लोगों को बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Scroll to Top