शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला पुलिस कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के नेतृत्व में आयोजित बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में थानों के कामकाज की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लंबित आपराधिक और मर्ग प्रकरणों को प्राथमिकता
एसपी सुनील शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके थानों में लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से लंबित आपराधिक प्रकरणों और मर्ग डायरी के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मामलों के निराकरण में देरी या तकनीकी कमियों के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गांजा तस्करी पर सख्ती
जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, दूसरे राज्यों से आने वाले गांजा तस्करों पर निगरानी रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत ठोस कार्रवाई करने को कहा गया।
CCTNS पोर्टल के लंबित मामलों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
बैठक में CCTNS पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन लंबित मामलों और प्रविष्टियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में रिकॉर्ड और लंबित कार्यों को पूरा करने का आदेश दिया। पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी, तकनीकी रूप से दुरुस्त और नागरिक-केंद्रित बनाने पर भी जोर दिया गया।
नए आपराधिक कानूनों के प्रति ग्रामीणों को करें जागरूक
एसपी सुनील शर्मा ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को नए कानूनों के प्रावधानों और उनके फायदों की जानकारी दे, ताकि आम नागरिक इन कानूनों को समझ सकें।
बैठक के अंत में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उत्कृष्ट और संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से जिले में भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।


