शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// शिक्षा के क्षेत्र में अपने बेहतर योगदान और नवाचारी शिक्षण गतिविधियों से बच्चों की पढ़ाई को रोचक बनाने वाले शासकीय प्राथमिक शाला मिडमिडा के प्रधान पाठक बिजेंद्र चौहान ने जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें प्रतिष्ठित ‘नवदीप गुरु गौरव’ राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षा जगत और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
बच्चों की पढ़ाई को रोचक बनाने के लिए मिली पहचान
बिजेंद्र चौहान को यह सम्मान विद्यालय में पठन-पाठन का स्तर सुधारने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और खेल-खेल में शिक्षा देने जैसी रचनात्मक एवं नवाचारी गतिविधियों को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रदान किया गया। उनके शिक्षण के तरीके ने बच्चों की पढ़ाई को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने में योगदान दिया है। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथियों ने बिजेंद्र चौहान को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री गुरु सुखवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े और बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बिजेंद्र चौहान को मिले इस राज्य स्तरीय सम्मान पर संकुल केंद्र, विकासखंड के शिक्षा अधिकारियों, सहकर्मी शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति और ग्रामवासियों ने बधाई दी है। सभी ने उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के सरकारी स्कूलों और अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक बताया है।


