पुराने विवाद की रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार और अपचारी बालक अभिरक्षा में..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम भांठागांव में युवक संजय सुमन की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात पुराने विवाद की रंजिश को लेकर की गई थी। मुख्य आरोपी ने युवक के सीने और पेट पर चाकू से वार किए, जबकि अन्य दो ने उसके हाथ-पैर पकड़ रखे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के बाद जलाए गए कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

घायल अवस्था में मिला था युवक, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सारंगढ़ से बिना नंबर की मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद कोसीर थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मृतक संजय सुमन के पिता रामप्रसाद सुमन ने बताया कि उनका पुत्र ग्राम भांठागांव में रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास घायल अवस्था में पड़ा था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई के पास धारदार वस्तु से चोट लगी थी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई थी।

जिला अस्पताल सारंगढ़ से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने चाकू के घावों से हुए रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) को मृत्यु का कारण बताया। साथ ही मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुराने विवाद की रंजिश में पीछा कर किया हमला

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और पतासाजी के आधार पर साहिल सुमन, पंकज जोल्हे तथा एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से साइकिल लेकर अपने घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान पुराने विवाद की रंजिश को लेकर साहिल, पंकज और अपचारी बालक चाकू लेकर उसे मारने की नीयत से पीछा कर रहे थे।

हाथ-पैर पकड़कर मुख्य आरोपी ने किए चाकू से वार

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी स्कूटी से संजय का पीछा करते हुए हीरा हार्डवेयर के आगे पहुंचे। वहां साहिल ने स्कूटी रोककर कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के पेट एवं सीने पर वार करने शुरू कर दिए। इस दौरान पंकज ने संजय के पैर और अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ रखे थे।

मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, अपचारी बालक मुख्य मार्ग की ओर, पंकज खेत की तरफ और साहिल स्कूटी से कोसीर की ओर भागा। साहिल ने वारदात में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों की ओर फेंक दिया। इसके बाद साहिल और अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे अपने पहने हुए कपड़ों को जला दिया।

चाकू और जले कपड़ों के अवशेष बरामद

पुलिस ने बताया कि 11 नवंबर 2026 को साहिल सुमन के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। वहीं घटनास्थल से कुछ दूरी पर अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे से जले हुए कपड़े और राख को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।

विवेचना में आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर प्रकरण में ये धाराएं जोड़ी गईं। साहिल सुमन और पंकज जोल्हे को 11 नवंबर को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं अपचारी बालक के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों और अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, PSI नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे, आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े एवं थाना कोसीर के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Scroll to Top