शेयर करें...
रायगढ़// दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में भूपदेवपुर पुलिस ने पति और सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मर्ग जांच में सामने आया कि शादी के बाद से ही मृतिका को कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं देने की बात कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि करीब चार-पांच महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की गई थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शादी के एक साल बाद से शुरू हुई दहेज प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34 वर्ष), पति राकेश पटेल का विवाह करीब तीन वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के लगभग एक साल बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं देने की बात कहकर उसके साथ विवाद और मारपीट करते थे। करीब चार-पांच महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग करते हुए भी उसके साथ विवाद और मारपीट की गई थी।
19 अक्टूबर को घर में फांसी लगाकर दी जान
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर नीता पटेल ने 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना बताया गया।
मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान में पति, सास और ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, इसी प्रताड़ना के चलते नीता ने यह कदम उठाया।
मर्ग जांच के बाद दर्ज हुआ दहेज मृत्यु का मामला
जांच में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर थाना भूपदेवपुर में 4 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने आगे की विवेचना और कार्रवाई की।
पति, सास और ससुर गिरफ्तार
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पटेल (34 वर्ष), पिता बंधुराम पटेल; बंधुराम पटेल (56 वर्ष), पिता स्व. संपतलाल; और शांति बाई पटेल (52 वर्ष), पति बंधुराम पटेल शामिल हैं। तीनों ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में अभियान संवेदना के तहत की गई। इसमें एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और दहेज प्रताड़ना के मामलों में रायगढ़ पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


