शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// भटगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ रिश्तेदार के घर ग्राम पवनी से सरायपाली लौट रही थी। इसी दौरान भटगांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पति के साथ बाइक से लौट रही थी महिला
मृतका की पहचान बूंदकुंवर साहू, पति सेवकराम साहू, उम्र 50 वर्ष, निवासी महलपारा सरायपाली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने पति के साथ ग्राम पवनी में रिश्तेदार प्रेमलाल साहू के घर आई हुई थीं। सोमवार को दोनों स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 06 GG 2453 से वापस सरायपाली लौट रहे थे। इसी दौरान भटगांव से आगे बंदारी मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आने से महिला सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, पीएसआई नवीन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए बिलाईगढ़ अस्पताल भेजा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस जुटी जांच में
भटगांव पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के अनुसार, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।


