राज्योत्सव में पत्रकार से मारपीट के बाद बवाल, गुस्साए पत्रकारों ने कार्यक्रम स्थल के मेन गेट पर किया जमकर प्रदर्शन, CAF जवान हुआ निलंबित..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के एक जवान ने पत्रकार पर डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

Join WhatsApp Group Click Here

वहीं, पत्रकार से मारपीट के विरोध में खैरागढ़ पत्रकार संघ ने राज्योत्सव स्थल के मुख्य गेट के सामने धरना देकर पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पत्रकारों के भारी विरोध के बाद पुलिस विभाग ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए CAF आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर गाड़ी पार्किंग को लेकर पत्रकार और CAF जवान के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान जवान ने पत्रकार के साथ मारपीट की और डंडे से हमला किया। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पत्रकार संघ के सदस्य विरोध में उतर आए। प्रेस क्लब अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पत्रकार राज्योत्सव स्थल के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। पत्रकारों ने पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विरोध के बाद CAF आरक्षक निलंबित

पत्रकारों के विरोध और शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने CAF आरक्षक रजनीकांत उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पत्रकार संघ की ओर से उठाई गई मांग पर विभाग ने कदम उठाया है। राज्योत्सव जैसे सार्वजनिक आयोजन में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब मामले की जांच और आगे की विभागीय कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Scroll to Top