राज्यपाल पुरस्कार समारोह में सारंगढ़-बिलाईगढ़ का गौरव बढ़ा, सेजेस बरमकेला के शिक्षक पवन नायक को मिला लांग सर्विस अवार्ड..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्यपाल पुरस्कार अलंकरण समारोह में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से जिले का मान बढ़ाया। पीएम श्री सेजेस बरमकेला में पदस्थ शिक्षक एवं स्काउट मास्टर पवन कुमार नायक को स्काउटिंग के क्षेत्र में 26 वर्षों की सेवाओं के लिए लांग सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं हाई स्कूल पुरगांव के हरीश खूंटे को बेस्ट स्काउट अवार्ड और राजमणी बंजारे को बेस्ट रोवर अवार्ड मिला।

Join WhatsApp Group Click Here

26 साल की सेवा और शताधिक राष्ट्रपति-राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त स्काउट तैयार किए

पवन कुमार नायक को मिला यह सम्मान उनकी 26 वर्षों की निरंतर सेवा और समर्पण का परिणाम है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए लगातार काम किया। उनके मार्गदर्शन में शताधिक विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल स्काउट पुरस्कार हासिल किए हैं।

उन्होंने स्काउटिंग गतिविधियों को केवल अपने विद्यालय तक सीमित नहीं रखा, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जनजातीय जिलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर स्थानीय शिक्षकों को स्काउट मास्टर के रूप में प्रशिक्षित करने में भी योगदान दिया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता शिविरों और विभिन्न जम्बूरियों में शामिल होने का अवसर मिला। वर्ष 2004 में ढाका में आयोजित सार्क जम्बूरी में भी उन्होंने सहभागिता की थी। शिक्षा और समाज के प्रति उनके योगदान के लिए उन्हें पहले राज्यपाल शिक्षक सम्मान भी मिल चुका है।

हरीश खूंटे और राजमणी बंजारे भी हुए सम्मानित

समारोह में जिले के हाई स्कूल पुरगांव के हरीश खूंटे को बेस्ट स्काउट अवार्ड और राजमणी बंजारे को बेस्ट रोवर अवार्ड प्रदान किया गया। इसके अलावा राज्यपाल स्काउट, गाइड एवं रोवर पुरस्कार उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए दीपक सिंह (रोवर), नीलू बरेठ (शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़), लक्की जोल्हे (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाताडीह) और छतराम निराला (सेजेस छिंद) ने समारोह में जिले का प्रतिनिधित्व किया।

राज्यपाल और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में हुआ समारोह

राज्यपाल पुरस्कार अलंकरण समारोह राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा भी मौजूद रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

जिले के अधिकारियों ने दी बधाई

जिले की इन उपलब्धियों पर जिला मुख्य आयुक्त अजय गोपाल, जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल, जिला आयुक्त गाइड एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सारंगढ़ सोमा ठाकुर, डीएमसी एन. के. चौहान, शंकर लाल साहू, जिला प्रशिक्षण आयुक्त धात्री नायक, डीओसी गाइड गुणवती साहू, संयुक्त सचिव ओमप्रकाश चौहान, एडीओसी स्काउट राजाराम साहू, के.एल. लहरे और कलेश्वर साहू ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

पवन कुमार नायक को मिला लांग सर्विस अवार्ड जिले के लिए विशेष उपलब्धि है। 26 वर्षों तक स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को दिशा देने और नई प्रतिभाओं को तैयार करने का उनका योगदान अब राज्य स्तर पर सम्मानित हुआ है। वहीं जिले के अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के सम्मान से यहां की स्काउटिंग गतिविधियों को भी नई पहचान मिली है।

Scroll to Top