शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत छेवारीपाली (धोबनीपाली) में सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से गांव में 5 लाख 20 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति मिली है। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क की मांग कर रहे थे। स्वीकृति की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल है।
बरसात में कीचड़ से होती थी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग की हालत खराब होने के कारण बरसात के दिनों में काफी परेशानी होती थी। सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने, किसानों को खेतों तक पहुंचने और बुजुर्गों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को इसी रास्ते से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सीसी रोड बनने से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
लंबे इंतजार के बाद मिली स्वीकृति
ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के पक्के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब 5.20 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा मंडल सरिया के मंत्री अजय पटेल ने बताया कि सड़क स्वीकृत होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में खुशी है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी और अब स्वीकृति मिलने से उनकी उम्मीद पूरी हुई है। उनका मानना है कि सीसी रोड बनने से आवागमन आसान होगा और बरसात के दौरान होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी। अब ग्रामीणों को निर्माण कार्य शुरू होने और जल्द पूरा होने का इंतजार है।



