शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सिमगा पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन समेत कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, तस्करी के दौरान एक कार आगे चलकर रेकी कर रही थी, जबकि दूसरी कार में गांजे की खेप रखी गई थी।
सिमगा ओवरब्रिज के पास पुलिस ने की नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को सिमगा पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद स्विफ्ट कार क्रमांक यूपी 70 जीई 3782 में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। इस दौरान बलेनो कार क्रमांक यूपी 70 जीएन 5538 आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सिमगा ओवरब्रिज और राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध दोनों कारें पुलिस के सामने पहुंचीं। पुलिस को देखकर वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
दामाखेड़ा में डिवाइडर से टकराई स्विफ्ट कार
पुलिस टीम ने दोनों वाहनों का पीछा किया। इसी दौरान ग्राम दामाखेड़ा स्थित खुशी वाटिका के पास स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों कारों में सवार सात आरोपियों को पकड़ लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस को 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करी के लिए दो वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि आगे चल रही कार के जरिए पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
प्रयागराज के सात आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों समेत कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत कुमार भारती (29), करन कनौजिया (23), सुनील कुमार भारती (22), सुखलेन्द्र कुमार नट (35) और राजेंद्र गुप्ता (42) के रूप में की है। ये सभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लालापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा शिवशंकर बिन्द (26) और अनिल कुमार बिन्द (39), निवासी पावरी, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों में से एक के स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़े होने और दूसरे के कथित ग्रामीण चिकित्सक के तौर पर काम करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अपने संपर्कों का इस्तेमाल तस्करी के दौरान किस तरह किया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
सिमगा पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस गांजे की खेप कहां से खरीदी गई थी, प्रयागराज में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


