नगरीय निकाय निर्वाचन में अब ‘लोकतंत्र के शान, तुंहर मतदान’ से दिया जाएगा जनजागरूकता का संदेश, कलेक्टर ने नवीन आदर्श वाक्य का उपयोग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय निर्वाचन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और मतदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निर्धारित नवीन आदर्श वाक्य का उपयोग अब सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में भी किया जाएगा। आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यालयीन पत्राचार, प्रचार-प्रसार सामग्री तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों में नए आदर्श वाक्य का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

राज्य निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ी भाषा में ‘लोकतंत्र के शान, तुंहर मतदान’ तथा हिंदी में ‘लोकतंत्र की शान, आपका मतदान’ को नवीन आदर्श वाक्य के रूप में निर्धारित किया है। आयोग द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार नगरीय निकाय निर्वाचन से संबंधित समस्त लेखन सामग्री, औपचारिक पत्राचार, जनजागरूकता गतिविधियों और प्रचार-प्रसार में इन आदर्श वाक्यों का उपयोग किया जाना है।

कलेक्टर भोई साहू ने आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन आदेश-निर्देश, पत्राचार, प्रकाशनों, पुस्तिकाओं तथा अन्य प्रचार सामग्रियों में नवीन आदर्श वाक्य का आवश्यकतानुसार उपयोग सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही निर्वाचन संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों में भी इनका समुचित समावेश करने के निर्देश दिए हैं।

छत्तीसगढ़ी और हिंदी दोनों भाषाओं में निर्धारित आदर्श वाक्य के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान के महत्व का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। विशेष रूप से स्थानीय भाषा में तैयार आदर्श वाक्य से नगरीय क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता संबंधी संदेश को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रसारित करने में सहायता मिलेगी।

Scroll to Top