रावण दहन कार्यक्रम के दौरान खूनी विवाद, चाकू गोदकर युवक की हत्या, अबतक 3 आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। मंगलवार रात मुड़ापार बाजार स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद राहुल कुमार उर्फ गोल्डन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अब हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Join WhatsApp Group Click Here

घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार स्थित दशहरा मैदान की है। मंगलवार रात यहां रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मैदान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक गुट के युवकों ने राहुल कुमार उर्फ गोल्डन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राहुल की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश में रातभर सर्च अभियान चलाया।

इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि विवाद की असल वजह और हत्या से जुड़े घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा, पुलिस आरोपियों की पहचान परेड की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

शाम ढलते ही मैदान का क्षेत्र बन जाता है नशेड़ियों का अड्डा

गौरतलब है कि मुड़ापार बाजार स्थित दशहरा मैदान का क्षेत्र लंबे समय से नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर इस बात को लेकर चिंता जताई जाती रही है कि देर शाम होते ही मैदान के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में जरूरी है कि पुलिस इस क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करे और असामाजिक तत्वों व आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्ती बरते, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

Scroll to Top