बरमकेला में ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा इलाका, कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, विधायक उत्तरी जांगड़े समेत सैकड़ों कांग्रेसियों ने निकाली रैली..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर बुधवार को बरमकेला में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के नेतृत्व में आयोजित रैली और पुतला दहन कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए गए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर आवाज उठाई गई। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

Join WhatsApp Group Click Here

अंबेडकर प्रतिमा स्थल से निकली रैली, तहसील कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन की शुरुआत जनपद पंचायत के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल से हुई। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल रैली के रूप में मुख्य मार्ग से तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसील कार्यालय में कांग्रेसियों ने घेराव कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार कोमल साहू को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच और चुनावी पारदर्शिता की मांग

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कांग्रेस ने देश की चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों की समीक्षा करने तथा संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें पद से हटाने की मांग पर विचार करने का आग्रह किया गया।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। मतदाता सूची की विश्वसनीयता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा कायम रहना जरूरी है। पार्टी ने राष्ट्रपति से लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्कामुक्की

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान पुतला दहन रोकने की कोशिश में पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे।

विधायक उत्तरी जांगड़े समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल

एक दिवसीय रैली और पुतला दहन कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोहर नायक, शशिकांत साहू, महेश देहरी और नोबेल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के विश्वास को बनाए रखने का मुद्दा उठाया।

Scroll to Top