शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सरिया भाजपा मंडल के अंतर्गत आने वाले चार मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए अपनी स्वेच्छानुदान निधि से कुल 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। प्रत्येक मंदिर के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की राशि दी गई है। इस सहयोग के लिए भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वित्त मंत्री का आभार जताया।
चार मंदिरों को मिली डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सहायता
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ग्राम नौघटा के स्वयंभू शिव मंदिर, ग्राम महाराजपुर के शनि मंदिर, ग्राम भठली के माता महालक्ष्मी मंदिर और ग्राम भठली के ही श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए प्रति मंदिर 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। चारों मंदिरों के लिए कुल 6 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से मंदिरों के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुधार कार्यों में मदद मिलेगी।
विधायक कार्यालय पहुंचकर जताया आभार
सहायता राशि मिलने पर भाजपा मंडल सरिया के पदाधिकारियों और संबंधित ग्रामों के जनप्रतिनिधियों ने वित्त मंत्री के विधायक कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप सतपथी, मंडल महामंत्री नारायण प्रधान, ग्राम पंचायत महाराजपुर के सरपंच अजित सिदार, ग्राम पंचायत भठली की सरपंच भारती शिवपूजन ठाकुर, सरपंच प्रतिनिधि सतीश सिंह ठाकुर, चमरा प्रधान, भुनेश्वर प्रधान और प्रसन्न पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से हुलहुली देकर वित्त मंत्री के प्रति धन्यवाद और आभार प्रकट किया। उन्होंने मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए मिली सहायता को धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
महिलाओं को भेंट की रामचरितमानस की प्रतियां
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उपस्थित महिलाओं को रामचरितमानस की प्रतियां और व्यास गादी भी भेंट की। धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए दिए गए सहयोग को लेकर क्षेत्रवासियों ने उनका धन्यवाद किया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि गांवों की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता से भी जुड़े होते हैं। चार मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए आर्थिक सहायता मिलने से संबंधित गांवों में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने इस सहयोग के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया।


