26वीं राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप शुरू, 540 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 30 टीमों के बीच 18 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले..

शेयर करें...

मुंगेली// जिले में 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026-27 का शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शुभारंभ हुआ। कस्तूरी होटल के पास स्थित मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 30 टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कुल 540 खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हैं। खेल के साथ खिलाड़ियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की पहल भी की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

अतिथियों ने फीता काटकर किया शुभारंभ

प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने की। इस अवसर पर कबड्डी संघ अध्यक्ष शशिकांत बघेल और पत्रकारगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। एसएसपी भोजराम पटेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कबड्डी के मैदान में साइबर सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुंगेली पुलिस के “पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ” अभियान के तहत खिलाड़ियों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। सहायक उप निरीक्षक मधुकर रात्रे और बबीता श्रीवास ने ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

30 टीमें लेंगी हिस्सा, 18 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले

यह चैंपियनशिप 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश की 30 जूनियर टीमों के 540 खिलाड़ी और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। इसके अलावा 30 निर्णायक और छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित हैं। खेल प्रतियोगिता के साथ साइबर जागरूकता का यह प्रयास खिलाड़ियों को मैदान में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ डिजिटल दुनिया में भी सतर्क और सुरक्षित रहने का संदेश दे रहा है।

Scroll to Top