शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सरिया क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर NSUI सरिया इकाई ने पहल की है। संगठन ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया को PM श्री अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में स्वीकृत कर संचालित करने की मांग की है। इस संबंध में NSUI के ब्लॉक अध्यक्ष निखिल डनसेना के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री के नाम तहसीलदार पुष्पेंद्र राज को पत्र सौंपकर आगामी शैक्षणिक सत्र से स्कूल शुरू करने की मांग रखी है।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को मिले बेहतर शिक्षा का अवसर
NSUI की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि सरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो अपने बच्चों को बेहतर अंग्रेजी माध्यम शिक्षा दिलाना चाहते हैं। लेकिन सरकारी स्तर पर उपयुक्त विकल्प नहीं होने के कारण कई परिवारों को महंगे निजी स्कूलों का सहारा लेना पड़ता है या बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में भेजना पड़ता है। इससे गरीब, मध्यमवर्गीय और किसान परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
संगठन का कहना है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया के पास पर्याप्त भूमि और परिसर उपलब्ध है। ऐसे में विद्यालय को PM श्री योजना के मानकों के अनुरूप विकसित कर क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जा सकता है।
आगामी सत्र से स्कूल शुरू करने की मांग
NSUI सरिया इकाई ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को PM श्री अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में स्वीकृति दी जाए और आगामी शैक्षणिक सत्र से इसका संचालन शुरू कराया जाए। पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मिशन समन्वयक (DMC) को भी भेजी गई है।
अब क्षेत्रवासियों की नजर इस मांग पर शासन और शिक्षा विभाग के रुख पर टिकी है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो सरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सकता है। हालांकि, विद्यालय को PM श्री स्कूल के रूप में स्वीकृति देना शासन के निर्णय और निर्धारित योजना के मानकों पर निर्भर करेगा।




You must be logged in to post a comment.