शेयर करें...
बिलासपुर// निलंबित आरक्षक द्वारा अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अपने ही घर को निशाना बनाया।
घटना उस समय की है, जब तीज मनाने के लिए आरोपी की मां रीवा गई हुई थीं। इसी दौरान घर में मौजूद आरोपी ने लॉकर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी कर ली। मामले में मुख्य आरोपी निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा को उसके साथी अनुराग चौधरी और सूरज सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया है।
मामले में सकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चोरी किए गए सामान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, तो पूरा मामला शुरू से ही काफी संदिग्ध लग रहा था।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सकरी पुलिस ने संदेह के आधार पर घर के सदस्य आशीष मिश्रा (31) से पूछताछ की। इसके साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र के 27 खोली निवासी उसके दोस्त सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27) और उसलापुर निवासी अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23) से भी पूछताछ की गई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आशीष को घर में रखे जेवर और नगदी की जानकारी थी। उसने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की प्लानिंग बनाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से चोरी के गहने और वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक जब्त की।तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


