शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का सिलसिला चल रहा है। ऐसे में शिक्षक भी पायलट की तरह बच्चों को सही दिशा देने में जुटे हैं। जिस तरह एक ईमानदार और जिम्मेदार पायलट विपरीत परिस्थितियों में भी विमान को सुरक्षित दिशा में ले जाकर सही जगह लैंड कराता है, उसी तरह शिक्षक भी बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों के जरिए आगे बढ़ने और मुश्किल हालात में खुद को संभालने की सीख दे रहे हैं।
इसी मेहनत का नतीजा बरमकेला विकासखंड के लिए गर्व की बात बनकर सामने आया है। हायर सेकेंडरी पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय डोंगरीपाली की होनहार छात्रा लिपि यादव और समग्र शिक्षा खिचरी की छात्रा इंदु यादव ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।
मंच पर आत्मविश्वास ने दिलाई सफलता
प्रतियोगिता के दौरान दोनों छात्राओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी बिना घबराए अपना आत्मविश्वास बनाए रखा और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय और शिक्षकों का मान बढ़ाया, बल्कि बरमकेला विकासखंड को भी गौरवान्वित किया है।
इन छात्राओं की सफलता यह भी बताती है कि बच्चों को अगर सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले तो वे किसी भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के जरिए ऐसे मंच बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
विद्यालय परिवार की शिक्षक सुनीता यादव सहित अंग शिक्षकों ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।


