शेयर करें...
रायपुर// बालोद जिले में सामने आए एसिड अटैक मामले के आरोपियों को पुलिस जब कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी, उसी दौरान लोगों का आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों का मुंडन कराने के बाद उनका जुलूस निकालते हुए कोर्ट तक पहुंचाया। आरोपियों को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों और छात्रों में गुस्सा भड़क गया।
आरोपियों पर छात्रों ने फेंकी स्याही और जला ऑयल
कोर्ट पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में लोग और छात्र मौके पर मौजूद थे। आरोपियों को देखते ही छात्रों ने उनके ऊपर स्याही और जला ऑयल फेंक दिया। कुछ लोग आरोपियों के साथ मारपीट करने पर भी आमादा नजर आए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों आरोपियों को कोर्ट परिसर के भीतर पहुंचाया।
कोर्ट परिसर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन
आरोपियों को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान परिसर के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद आरोपियों को सुरक्षित कोर्ट के अंदर ले जाया गया।
हेलमेट पहनाकर आरोपियों को कोर्ट से निकाला
कोर्ट की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाया और कड़ी सुरक्षा में उन्हें कोर्ट परिसर से बाहर ले गई। घटना के दौरान पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी भीड़ के आक्रोश के बीच सुरक्षित कोर्ट तक पहुंच सके और बाद में उन्हें बाहर निकाला गया। मामले को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


