शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// कांग्रेस के लोकतंत्र बचाओ सप्ताह और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत सारंगढ़ में पैदल मार्च और विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी जारिता लैतफलांग शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्राम दमदरहा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला महामंत्री गोल्डी नायक, प्रदेश प्रतिनिधि सूरज तिवारी सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जारिता लैतफलांग का स्वागत किया। इसके बाद वे नेताओं के साथ विश्राम गृह पहुंचीं, जहां पूर्व विधायक पदमा मनहर, अनिका भारद्वाज सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राजापारा में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।
कांग्रेस ने लगाए वोट चोरी के आरोप
सभा को संबोधित करते हुए जारिता लैतफलांग ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जा रहा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं के मतदान के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच लगातार आवाज उठा रही है।
कार्यक्रम को विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन और पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार ने भी संबोधित किया। नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग दोहराई।
पैदल मार्च के बाद पुलिस से हुई छीना-झपटी
सभा के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजापारा, डिपरापारा, बीरपारा, तुर्की तालाब गार्डन और सिविल लाइन होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय के सामने पहुंचे। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ‘जय भीम’ के नारे लगाए गए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच पुतले को लेकर छीना-झपटी भी हुई। इसके बावजूद पुतला जला दिया गया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. मेनका देवी सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार ने किया।


