तेज बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे से निकाले गए पति-पत्नी और बेटा, अस्पताल ले जाते समय महिला तो तोड़ा दम..

शेयर करें...

रायगढ़// पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव में रविवार देर रात बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और 13 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने मलबे में फंसे परिवार को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का उपचार जारी है।

Join WhatsApp Group Click Here

घटना पुसौर थाना क्षेत्र के नंदेली स्थित महंत पारा की है। दरअसल, रविवार देर रात करीब 3 बजे जब परिवार घर के भीतर सो रहा था, तभी मिट्टी से बना जर्जर मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में 40 वर्षीय रोहिणी महंत, उनके पति 45 वर्षीय रतन महंत और 13 वर्षीय बेटा शिवम महंत मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू, अस्पताल ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम

हादसे के बाद ग्रामीण अनमोल महंत और अन्य स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए पुसौर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायगढ़ रेफर कर दिया।

रायगढ़ ले जाते समय रोहिणी महंत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में दीवार और चौखट गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। वहीं घायल रतन महंत और उनके बेटे शिवम का अस्पताल में उपचार जारी है और दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

लगातार बारिश के चलते धंसा जर्जर मकान

बता दें कि पुसौर क्षेत्र में पिछले दो से तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। बारिश के प्रभाव से मिट्टी का बना यह जर्जर मकान कमजोर होकर अचानक धंस गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Scroll to Top