वीडियो : बाढ़ के तेज बहाव में फंसी गौमाता के लिए फरिश्ता बने कोर्रा के युवा, उपेंद्र साहू ने रस्सी के सहारे पानी में उतरकर बचाई जान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// पिछले दिनों हुई लगातार तेज बारिश के बाद महानदी के तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ कई गांव और खेत जलमग्न हैं। इसी बीच सरिया तहसील के कोर्रा गांव में स्थानीय युवाओं ने इंसानियत और गौसेवा की मिसाल पेश करते हुए तेज बहाव में बह रही एक गौमाता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Join WhatsApp Group Click Here

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पानी के तेज बहाव में एक गौवंश के बहने की जानकारी स्थानीय युवाओं को मिली। इसके बाद उपेंद्र साहू और उनके साथी बिना देर किए मौके पर पहुंचे। हालात आसान नहीं थे, लेकिन गौवंश को बचाने के लिए युवाओं ने हिम्मत जुटाई और नाव की मदद से पानी के बीच उस जगह तक पहुंचे, जहां गौमाता बहाव में फंसी हुई थी।

रस्सी के सहारे पानी में उतरे उपेंद्र साहू

रेस्क्यू के दौरान कोर्रा निवासी उपेंद्र साहू ने पानी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच रस्सी के सहारे आगे बढ़ते हुए उन्होंने गौवंश तक पहुंचने की कोशिश की। साथियों ने भी पीछे से पूरी मदद की और आखिरकार काफी मशक्कत के बाद गौमाता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस पूरे रेस्क्यू में युवाओं की टीम ने जिस तरह एक-दूसरे का साथ दिया, वह काबिले तारीफ रहा। बाढ़ के पानी में अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना एक बेजुबान जान को बचाने के लिए आगे आना ग्रामीण क्षेत्र में मानवीय संवेदना और पशु प्रेम की अच्छी मिसाल है।

युवाओं के साहस को मिल रही सराहना

गौमाता के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने उपेंद्र साहू और उनके साथियों की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि बाढ़ और तेज बहाव के बीच इस तरह का रेस्क्यू आसान नहीं था। युवाओं ने समय रहते पहल नहीं की होती तो गौवंश की जान भी जा सकती थी। उपेंद्र साहू और उनके सभी युवा साथियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए लोगों ने उन्हें धन्यवाद दिया। बाढ़ के मुश्किल हालात के बीच युवाओं का यह प्रयास बताता है कि मुसीबत के समय मदद के लिए आगे आने का जज्बा आज भी गांवों में मजबूत है।

हालांकि तेज बहाव के बीच रेस्क्यू बेहद जोखिम भरा होता है, इसलिए ऐसे हालात में प्रशासन की मदद और सुरक्षा के इंतजाम के साथ ही बचाव कार्य करना जरूरी है। कोर्रा के युवाओं का यह प्रयास फिलहाल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Scroll to Top