दिवंगत शिक्षिका के पेंशन प्रकरण में लापरवाही, तात्कालिक प्राचार्य सहित छह अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, लोक शिक्षण संचालनालय की कार्रवाई से हड़कंप..

शेयर करें...

रायपुर// मुंगेली जिले में दिवंगत शिक्षिका के पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी प्रकरण में लापरवाही बरतना छह अधिकारी-कर्मचारियों को भारी पड़ गया। मामले में सरकारी काम में देरी और प्रकरण की सही जानकारी समय पर नहीं भेजने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने छह अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने निलंबन का आदेश जारी किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक पूरा मामला मुंगेली जिले के शासकीय हाईस्कूल लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक (विज्ञान) अंजनी त्रिपाठी से जुड़ा है। 25 सितंबर 2022 को उनका सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद उनके परिवार को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी के लिए प्रकरण तैयार किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि शिक्षिका के वर्ष 2018 में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग में संविलियन के बाद वेतन निर्धारण किया गया था। हालांकि, इस वेतन निर्धारण की जांच और अनुमोदन समय पर नहीं कराया गया।

वेतन निर्धारण के प्रकरण में समय पर जांच और अनुमोदन नहीं होने के कारण बाद में वेतन का अधिक भुगतान होने की स्थिति बनी। इसके चलते अतिरिक्त भुगतान की राशि की वसूली की नौबत आ गई। वहीं, दिवंगत शिक्षिका के लंबित पेंशन प्रकरण के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय को गलत जानकारी भेजे जाने का भी आदेश में उल्लेख किया गया है। विभागीय जांच में इन लापरवाहियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

इन छह अधिकारी-कर्मचारियों पर गिरी गाज

  • तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य राघवेंद्र कुमार सोनी
  • प्रभारी प्राचार्य रघुनंदन सिंह राजपूत
  • सहायक ग्रेड-3 मोतीराम यादव
  • सहायक ग्रेड-2 त्रिवेणी ध्रुव
  • सहायक ग्रेड-3 अशोक ध्रुव
  • जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पेंशन कक्ष प्रभारी एवं कनिष्ठ लेखा परीक्षक शत्रुघन कुलमित्र शामिल हैं।

निलंबन अवधि के दौरान सभी छह अधिकारी-कर्मचारियों का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर के कार्यालय में निर्धारित किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में पेंशन और सेवानिवृत्ति संबंधी प्रकरणों के निपटारे में लापरवाही को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

Scroll to Top