शेयर करें...
मुंगेली// सेवा, समर्पण और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ अंतर्गत ग्राम मदकू में रक्तदान एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 37 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, वहीं 3153 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वरिष्ठ मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ रक्तदान एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं से संवाद कर उनके सेवाभाव की सराहना की तथा उन्हें नेक कार्य के लिए बधाई एवं साधुवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं फ्रूट बास्केट भी वितरित किए। मेगा स्वास्थ्य शिविर में हृदयरोग, स्त्रीरोग, शिशुरोग, नाक-कान-गला, मानसिक रोग, दंत रोग, नेत्र रोग एवं हड्डी रोग विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके साथ ही बीपी, शुगर एवं सिकल सेल सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक मिलने से शिविर के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी जोड़ा गया। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना कार्ड तथा आभा आईडी बनाए गए। इस पहल से ग्रामीणों को स्वास्थ्य उपचार के साथ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले की 05 मितानिनों, 04 टीबी मरीजों तथा 05 आयुष्मान हितग्राहियों को पुरस्कृत किया। उन्हें प्रमाण पत्र एवं फ्रूट बास्केट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे, सिविल सर्जन डॉ. राकेश कुमार प्रेमी, बीएमओ डॉ. अमित लाल, डॉ. कमलेश खैरवार सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


