शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग बरमकेला द्वारा ग्राम नदीगांव में आंगन का मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत नदीगांव के सरपंच गौरीशंकर विश्वाल एवं महिला मोर्चा सरिया मंडल अध्यक्ष रजनी चौहान रहे। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के पोषण, खान-पान और बेहतर स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी महिलाओं को दी गई।
कार्यक्रम में 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म कराई गई, जबकि 3 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही गांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग बरमकेला की सुपरवाइजर खुर्शीद बानो एवं तरशिला तिर्की, गांव की महिला प्रमुख पुष्पांजलि विश्वाल, पंच रोहित शर्मा, गुरुवारी प्रधान, सेवती चौहान, सुषमा यादव, सुनील प्रधान, संपत यादव, महिला मोर्चा सरिया मंडल सोशल मीडिया प्रभारी यज्ञसेनी प्रधान, पतंजलि योग समिति सोशल मीडिया प्रभारी नीलावती डनसेना, परिक्षेत्र लुकापारा के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग की मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता दिव्या पटेल सहित गर्भवती महिलाएं, शिशुवती महिलाएं, ग्रामीण महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को न्योता भोज कराया गया।


