राज्य स्थापना दिवस पर प्रदान की जाएगी गुंडाधुर और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान, प्रतिभावान खिलाड़ी 30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन..

शेयर करें...

रायपुर// राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले गुंडाधुर व महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित की गई है। इसके लिए इच्छुक खिलाड़ी 20 से 30 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ की मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में अध्ययनरत होना या राज्य के शासकीय, अर्द्धशासकीय या सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत होना आवश्यक है। उपलब्धि वर्ष की गणना 1 अप्रैल से 31 मार्च तक की जाएगी।

सामूहिक रूप से किया जाएगा मूल्यांकन

गुंडाधुर सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। वहीं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए विशेष रूप से तीरंदाजी की राष्ट्रीय चैंपियनशिप (सीनियर वर्ग) या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेकर पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विचार किया जाएगा। तीरंदाजी में निर्धारित उपलब्धि नहीं होने की स्थिति में संबंधित नियमों के अनुसार अन्य खेलों के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी विचार किया जा सकता है। दोनों सम्मानों में पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सामूहिक रूप से मूल्यांकन किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ी नगद राशि से होंगे पुरस्कृत

गुंडाधुर सम्मान एक खिलाड़ी या एक दल को प्रदान किया जा सकता है, जबकि महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान एक खिलाड़ी को दिया जाएगा। दोनों सम्मानों के तहत चयनित खिलाड़ी को एक लाख रुपये की नगद राशि, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। एक खिलाड़ी को संबंधित सम्मान उसके जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा।

चयन के लिए खिलाड़ी की उपलब्धियों का सत्यापन एवं आवश्यक जांच-पड़ताल की जाएगी। किसी प्रकार का दबाव या अनुचित प्रभाव डालने का प्रयास पाए जाने पर प्रविष्टि के लिए अयोग्य माना जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं।

Scroll to Top