शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// 11वें आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में खेलभाठा मैदान, सारंगढ़ में योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग और प्राणायाम के साथ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए गए। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित सारंगढ़ एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
योग के साथ साइबर सुरक्षा पर भी जोर
कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग और प्राणायाम बेहद जरूरी हैं। उन्होंने योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक लगातार आगे बढ़ रही है, लेकिन तकनीक की कुछ कमजोरियों का फायदा साइबर अपराधी भी उठा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से एटीएम कार्ड की जानकारी, यूपीआई पिन और पासपोर्ट सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
उन्होंने फर्जी लिंक पर क्लिक करने और पैसा दोगुना करने जैसे लालच देने वाले ऑफर से भी सावधान रहने कहा। एसपी ने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई के लिए समय पर कदम उठाया जा सके।
2 अक्टूबर तक चलेगा साइबर जागृति अभियान
छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अलग-अलग चरणों में साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस सप्ताह अभियान का मुख्य फोकस फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिशों को लेकर जागरूकता फैलाना है। लोगों को ऐसे मामलों में पहचान सत्यापित करने और बिना जांच-पड़ताल के किसी को पैसा नहीं भेजने की सलाह दी जा रही है।
वरिष्ठ नागरिकों और महिला कर्मचारियों को दी गई विशेष जानकारी
एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी अपील की कि साइबर अपराध का सामना होने पर बिना संकोच नजदीकी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा ने स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों को साइबर जागृति अभियान से जुड़ी जरूरी सावधानियां बताईं। उन्होंने अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने और पैसा दोगुना करने का लालच देने वाली किसी भी योजना में अपनी जमा पूंजी नहीं लगाने की सलाह दी।


