शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील के ग्राम कटंगपाली (अ) स्थित आशीष गोयल माइंस में ग्राम पंचायत की एनओसी निरस्त होने के बाद भी फ्लाईऐश डालने की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से शिकायत की थी कि पंचायत की एनओसी खारिज होने के बावजूद माइंस में लगातार फ्लाईऐश का भू-भराव किया जा रहा है। इसी शिकायत के बाद सोमवार को तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह राज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर जांच के दौरान माइंस प्रबंधन से भू-भराव और खनन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। प्रशासन के अनुसार, प्रबंधन मौके पर माइनिंग संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद तहसीलदार ने माइंस में चल रहे फ्लाईऐश भू-भराव पर तत्काल रोक लगा दी और मौके का पंचनामा तैयार किया।
ग्रामीणों ने बताया- पानी में डाली गई 500 डंपर राख
जांच के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को माइंस में फ्लाईऐश डालने को लेकर कई बातें बताईं। ग्रामीणों का कहना है कि माइंस में करीब 500 डंपर फ्लाईऐश लाई गई और बड़ी मात्रा में राख को माइंस के अंदर जमा पानी में डाल दिया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाईऐश पानी में डालने से आसपास के भूजल, जमीन और पर्यावरण पर असर पड़ सकता है। हालांकि, 500 डंपर फ्लाईऐश पानी में डाले जाने की मात्रा और इसके प्रभाव की वास्तविक स्थिति की जांच प्रशासन द्वारा की जानी है।
पंचायत की एनओसी पहले ही हो चुकी थी निरस्त
मामले की सबसे अहम बात यह है कि ग्राम पंचायत कटंगपाली (अ) द्वारा फ्लाईऐश भू-भराव के लिए दी जाने वाली एनओसी पहले ही निरस्त की जा चुकी थी। इसके बाद भी माइंस में फ्लाईऐश डालने का काम जारी रहने की शिकायत सरपंच पुष्पा दाता मिरी सहित पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से की थी। पंचायत प्रतिनिधियों ने पिछले सप्ताह इस संबंध में कलेक्टर से लिखित शिकायत की थी। शिकायत के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और भू-भराव पर रोक लगाई।
वहीं माइंस प्रबंधन की ओर से खनिज शाखा से एनओसी तथा पर्यावरण संरक्षण मंडल रायगढ़ से भू-भराव की अनुमति का वैधता वृद्धि पत्र होने का दावा किया गया है। अब प्रशासन इन दस्तावेजों और मौके पर किए जा रहे भू-भराव की पूरी स्थिति की जांच कर रहा है।
6 वाहन जब्त, एसडीएम को जाएगी रिपोर्ट
जांच के दौरान प्रशासनिक टीम ने फ्लाईऐश परिवहन और भू-भराव के काम में लगे 5 ट्रेलर और 1 लोडर सहित 6 वाहन जब्त किए। जब्त ट्रेलरों के नंबर CG 06 HB 8555, CG 13 AY 9948, CG 13 AY 6766, CG 13 BB 3012 और CG 13 AZ 8461 हैं। वहीं लोडर क्रमांक CG 13 AG 4995 को भी जब्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कटंगपाली और छेलफोरा क्षेत्र में आशीष गोयल, राधे पिता कार्तिक और राहुल पिता गौतम के नाम से दर्ज कई खसरा नंबरों की कुल 4.232 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर माइनिंग गतिविधियों की जानकारी है। इन जमीनों के सीमांकन और खनन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह राज ने बताया कि आशीष गोयल माइंस में बिना वैध एनओसी फ्लाईऐश पाटे जाने की शिकायत पर जांच की गई। मौके पर प्रबंधन द्वारा माइनिंग संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर भू-भराव पर तत्काल रोक लगा दी गई है। जब्त वाहनों के साथ पूरी जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए एसडीएम को सौंपी जाएगी।



You must be logged in to post a comment.