शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// रात के अंधेरे में दूसरे राज्य की गाड़ी को निशाना बनाकर लूट की योजना बनाने वाले गिरोह का सरसींवा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने ट्रक रोककर मारपीट और डकैती की वारदात में शामिल 7 आरोपियों और एक नाबालिक बालक को पकड़ा है। वहीं आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 4 मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रात 2:30 बजे ट्रक को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके अपने भाई के साथ ट्रक क्रमांक MH 33 T 7010 में ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लोड कर बिलासपुर जा रहा था। 18 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे गाताडीह शासकीय अस्पताल के सामने मेन रोड पर चार मोटरसाइकिलों में सवार लोगों ने ट्रक को रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने ट्रक के सामने आकर पत्थर मारकर कांच का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद ड्राइवर और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। बदमाश मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और ट्रक में रखी कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लेकर फरार हो गए। मामले में सरसींवा थाने में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर धारा 310(2), 126(2), 324(4) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
सुनसान सड़क पर दूसरे राज्य की गाड़ियों को निशाना बनाने की थी योजना
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरसींवा पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम सोहागपुर के यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, जोगेसरा के शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे, सरसींवा के यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, मोहतरा के छोटेलाल साहू और देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, चिचोली के पुष्पेन्द्र चौहान तथा तिलाईपाली के मुकेश कुर्रे से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर ऐसी गाड़ियों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी, जो रात में गाताडीह से सरसींवा जाने वाली सुनसान सड़क से गुजरती हैं। इसी योजना के तहत ट्रक को रोककर चालक और उसके साथी को डराया-धमकाया और मारपीट कर सामान छीन लिया गया।
4 बाइक और लूटा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई चार मोटरसाइकिल, प्रार्थी का मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक लूटे गए सामान को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
कई आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ सरसींवा और भटगांव थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।
- यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, उम्र 19 वर्ष, के खिलाफ सरसींवा थाने में अपराध क्रमांक 191/2026, धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस का मामला दर्ज है।
- यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, उम्र 21 वर्ष, के खिलाफ सरसींवा थाने में अपराध क्रमांक 252/2023 में धारा 294, 323, 506, 509(ख) भादवि, अपराध क्रमांक 317/2025 में धारा 296, 115(2), 351(2), 118(2), 191(2), 191(3) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 58/2026 में धारा 109 बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
- देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, उम्र 20 वर्ष, के खिलाफ सरसींवा थाने में अपराध क्रमांक 317/2025 में धारा 296, 115(2), 351(2), 118(2), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
- पुष्पेन्द्र चौहान, उम्र 18 वर्ष 9 माह, के खिलाफ भटगांव थाने में अपराध क्रमांक 34/2025 में धारा 303(2), 317(2), 317(5), 331(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
- शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे, उम्र 21 वर्ष, के खिलाफ सरसींवा थाने में इस्तगासा क्रमांक 34/2024, धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई दर्ज है।
- वहीं छोटेलाल साहू उम्र 21 वर्ष और मुकेश कुर्रे उम्र 21 वर्ष के संबंध में पुलिस ने इस प्रकरण में गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
- पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


