शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ शहर के ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने प्लांटकर्मी से हुई लूट के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोप है कि तीनों ने प्लांटकर्मी के साथ विवाद और मारपीट कर उसकी जेब से 1500 रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने लूट की पूरी रकम और घटना में इस्तेमाल ब्लेड भी बरामद किया है।
ट्रेन की जानकारी लेने स्टेशन पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार प्रार्थी बबलू चौहान, पिता चंद्रदेव चौहान, उम्र 29 वर्ष, निवासी नवारा थाना नौहट्टा, जिला रोहतास (बिहार), वर्तमान में मां मंगला फैक्टरी लेबर कॉलोनी नटवरपुर में रहता है। 17 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने गांव जाने के लिए ट्रेन की जानकारी लेने रेलवे स्टेशन पहुंचा था। रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने सड़क पर मौजूद था।
इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर पैसों की मांग करते हुए उसके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से उसे चोट पहुंचाई और उसकी फुलपैंट की जेब में रखे 1500 रुपये छीनकर भाग गया।
CCTV फुटेज और हुलिए से मिली आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रार्थी से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदेहियों की पहचान की, जिनमें शनि वैष्णव और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे। पुलिस के अनुसार शनि वैष्णव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
1000, 500 रुपये और ब्लेड बरामद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये नकद, एक विधि से संघर्षरत बालक से 500 रुपये नकद और दूसरे से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लेड बरामद किया गया। बरामदगी के बाद तीनों को विधिसम्मत कार्रवाई के तहत सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।


