शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भटगांव पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को 2 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित कुल ₹1.20 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को भटगांव थाना के सामने मेन रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ और तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम अशोक श्रीवास, पिता स्व. खोलबहरा श्रीवास, उम्र 34 वर्ष, निवासी आमाखोहा, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 CF 3998 के हैंडल में टंगे सफेद प्लास्टिक थैले से दो पैकेटों में रखा कुल 2 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
ओडिशा से गांजा लाकर डभरा में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर राजादेवरी–कसडोल–भटगांव मार्ग से डभरा क्षेत्र में पहुंचाने की तैयारी में था। पुलिस अब गांजा के स्रोत, संभावित तस्करी नेटवर्क और आर्थिक मदद करने वालों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में की गई।


