बरमकेला में 14.670 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 9.41 लाख की संपत्ति जब्त, ओडिशा से गांजा लाकर खरसिया में खपाने की थी तैयारी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को एक और सफलता मिली है। एएनटीएफ और थाना बरमकेला पुलिस की संयुक्त टीम ने 14.670 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल वैगनर कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 9 लाख 41 हजार 500 रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

ओडिशा की ओर से आ रही थी वैगनर

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को बरमकेला पुलिस और एएनटीएफ की टीम गश्त एवं पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से ग्रे रंग की वैगनर कार क्रमांक CG13 AE 3695 आ रही है। टीम ने वाहन को रोककर पूछताछ की तो चालक मौका पाकर फरार हो गया। वाहन में सवार दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम तूकेश्वर साहू, पिता तेरस राम साहू, निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा बताया।

डिक्की से निकले गांजे के 14 पैकेट

पुलिस टीम ने आरोपी और वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वैगनर की डिक्की में रखी काले रंग की प्लास्टिक बोरी से 14 पैकेटों में कुल 14.670 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा, परिवहन में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल ₹9,41,500 की संपत्ति जब्त कर ली।

ओडिशा से खरसिया पहुंचाने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से लेकर बिनका, सोहेला और बरमकेला के रास्ते खरसिया क्षेत्र में पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब गांजा कहां से खरीदा गया था और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा अवैध कारोबार से जुड़े संभावित वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

आरोपी जेल भेजा गया, चालक की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले में फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में हुई। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Scroll to Top