रेलवे लाइन से कीमती तार चोरी और बाइक चोरी का खुलासा, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ जिले की घरघोड़ा पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का एक साथ खुलासा किया है। रेलवे लाइन से लाखों की सामग्री चोरी और बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की बाइक और सामान बेचकर बचे 2000 रुपये बरामद हुए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

जंगल में रेलवे लाइन से उड़ा ले गया था तार

पहला मामला 11 जुलाई की रात का है। लमडांड गांव के पास जंगल क्षेत्र में ग्राम कारीछापर और कुडुमकेला के बीच रेलवे किलोमीटर 47/03 से 47/06 तक अज्ञात चोरों ने रेलवे लाइन से 215 मीटर कैटनरी तार, 215 मीटर संपर्क तार, क्लिप, सप्लायर, स्टेडी आर्म समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 222/2026 दर्ज किया गया था।

बाजार से बाइक गायब

दूसरा मामला 10 सितंबर का है। बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान ने अपनी हीरो एचएफ डिलक्स बाइक CG-13-AH-0489 नावापारा टेंडा बाजार के पास खड़ी की थी। बाजार से लौटा तो बाइक गायब थी। इस पर अपराध क्रमांक 287/2026 दर्ज हुआ।

मुखबिर की सूचना और ऐसे पकड़ा गया

थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू को मुखबिर से खबर मिली कि ग्राम तरेकेला का एक युवक चोरी की एचएफ डिलक्स बाइक के साथ घूम रहा है। सूचना पर प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक के साथ टीम को छाल के तरेकेला गांव भेजा गया। पुलिस ने संदेही रामप्रसाद सारथी को हिरासत में लिया।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया। उसने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी किया गया सारा सामान उसने अज्ञात फेरी-कबाड़ियों को बेच दिया और पैसे खाने-पीने में उड़ा दिए। उसके बताए पर बचे हुए 2000 रुपये जब्त किए गए। इसके बाद उसने बाइक चोरी की वारदात भी कबूल कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद कर ली, जिसकी कीमत करीब 40,000 रुपये है।

मामले के आरोपी, राजकुमार सारथी पिता श्यामलाल सारथी, उम्र 23 साल, निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और उधोराम पटेल की अहम भूमिका रही।

Scroll to Top