शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने ग्राम भीखमपुरा स्थित सपेरा बस्ती पहुंचकर बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ समय बिताया। राज्य स्तर पर दो बार सम्मानित प्रियंका गोस्वामी ने यहां सामाजिक जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों को शिक्षा, स्वच्छता, पोषण और सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। इस दौरान करीब 60 बच्चों को केला, बिस्किट और पहाड़ा किताब निःशुल्क बांटी गई।
प्रियंका गोस्वामी ने बच्चों और अभिभावकों से बातचीत करते हुए कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन और अच्छी शिक्षा मिलना उसका अधिकार है। समाज के अंतिम छोर तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम और नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए अपने भविष्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों को बताए हाथ धोने के छह तरीके, बांटे जरूरी सामान
अभियान के दौरान बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में भी बताया गया। उन्हें हाथ धोने के छह तरीके समझाए गए। नियमित स्नान, दांतों की सफाई और आसपास साफ-सफाई रखने के फायदे भी बताए गए। इसके बाद बच्चों को टूथ ब्रश, टूथपेस्ट और डेटॉल साबुन वितरित किया गया। बच्चों के बीच सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया। इस दौरान केक काटकर बच्चों के साथ खुशियां साझा की गईं। अचानक हुए इस आयोजन से बस्ती के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता की दी जानकारी
अभियान में किशोरियों और बालिकाओं से भी बातचीत की गई। उन्हें मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता रखने और इससे जुड़ी जरूरी सावधानियों के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी गई। इस दौरान बालिकाओं को सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए।
बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया गया। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है या किसी स्थिति में उन्हें असहज महसूस होता है तो इसकी जानकारी तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को देनी चाहिए।
संस्कृति और लोककला से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
प्रियंका गोस्वामी ने बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोककला से जुड़े रहने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करना जरूरी है।
इस पहल के बाद बस्ती के बच्चों में शिक्षा, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रियंका गोस्वामी की इस पहल की सराहना की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक अच्छा प्रयास बताया।
राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित हैं प्रियंका गोस्वामी
प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी को शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए राज्य स्तर पर दो बार सम्मानित किया जा चुका है। सपेरा बस्ती में उनकी यह पहल भी बच्चों तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।


