तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा..? आईपीएस अधिकारी के बेटे से मारपीट का मामला, पुलिस ने 2 आरोपियों का निकाला जुलूस..

शेयर करें...

रायपुर// अंबिकापुर में IPS रवि कुर्रे के 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में उनका जुलूस निकाला। दोनों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले जाया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

बता दें कि मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का है जब लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूर पहले बौरीपारा तालाब के पास उसने कार रोक दी।लेखांश कार से उतरकर प्रिंस से मोबाइल पर बात करने लगा। बातचीत के दौरान उसने गोलू गणेश का नाम लिया। इसी बात को लेकर रतन गुप्ता और कोया डॉन ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने लेखांश से कहा- गोलू गणेश नहीं, बाप बोल। इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया और रतन गुप्ता, कोया डॉन व आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट शुरू कर दी।मारपीट में लेखांश की कनपटी, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों में से एक ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की। दोस्तों ने किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। लेखांश के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा- तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा? इसके बाद उसने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया।

Scroll to Top