शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में “सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट-26” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आम लोगों को सुरक्षित इंटरनेट के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। एसपी सुनील शर्मा ने हाल ही में राष्ट्रपति के हाथों बेस्ट शिक्षिका सम्मान पाने वाली सुनीता यादव को सम्मानित किया। इसके साथ ही खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले रीना रॉय और करण भारती को भी पंकज विक्रम अवॉर्ड और छत्तीसगढ़ शासन के शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
एसपी ने क्रिएटर्स से किया सीधा संवाद
एसपी सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स से साइबर अपराधों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जन-जन तक पहुंचने का सबसे ताकतवर माध्यम है। अगर कंटेंट क्रिएटर्स अपनी जिम्मेदारी समझते हुए साइबर जागरूकता से जुड़ी सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं, तो जिले में साइबर अपराधों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बैठक में लोगों को OTP, बैंक पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, लॉटरी और पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर आने वाले फर्जी लिंक से बचने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की अपील की गई। साइबर ठगी होने पर बिना देर किए टोल-फ्री नंबर 1930 पर कॉल करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
41 जगहों पर 4,165 लोगों को किया जागरूक
इसी कड़ी में जिले के सभी थानों और चौकियों के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों और महाविद्यालयों सहित 41 प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल 4,165 लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्मार्टफोन की प्राइवेसी और सुरक्षित इंटरनेट” रहा।
कार्यक्रम में सुनीता यादव ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए स्मार्टफोन में मजबूत पासवर्ड रखने और सुरक्षित डिजिटल आदतें अपनाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह साइबर ठगी के प्रयासों से सावधान रहना जरूरी है। वहीं एसपी ने क्रिएटर्स से अभियान को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। क्रिएटर्स ने अपने सुझाव दिए और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया। एसपी ने उनसे साइबर जागरूकता से जुड़े कंटेंट तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने की अपील की, ताकि सुरक्षा का संदेश जिले के हर घर तक पहुंच सके।



You must be logged in to post a comment.