शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में महिला बृतबाई बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसके बेटे सोहन बरेठ (24) और पति सम्पत बरेठ (57) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर को सम्पत ने पत्नी के घर में मृत मिलने की सूचना दी थी। जांच और पोस्टमार्टम में सिर व शरीर पर गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि 4 सितंबर की शाम घर के खर्च को लेकर सोहन का अपने पिता से विवाद हुआ था। इसी दौरान मां द्वारा पिता का पक्ष लेने पर सोहन नाराज हो गया। इसके बाद वह अपनी मां को पीछे आंगन में ले गया और लकड़ी के डंडे, पीढ़ा व अन्य ठोस सामान से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद खून साफ करने की कोशिश की गई और रात में शव को घर के अंदर खटिया पर रख दिया गया।
अगली सुबह सोहन ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी और दोनों अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान गांव के कोटवार के पुत्र को जानकारी मिली और उसने अंतिम संस्कार रोककर पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसके बाद सम्पत थाने पहुंचा और पत्नी की मौत की जानकारी दी। जांच में हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने और पुलिस को गलत सूचना देने के तथ्य सामने आने पर कोसीर थाने में अपराध क्रमांक 134/2026, धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए हैं। दोनों को 6 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया और 7 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी सुनीता बंजारे सहित कोसीर पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।


