शेयर करें...
रायगढ़// जीजी बोर्डिंग इंग्लिश मीडियम स्कूल धनुहारडेरा और जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धनुहारडेरा में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों का सम्मान किया और विभिन्न ज्ञानवर्धक व मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के चेयरमैन शिरीष सारडा, डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल और जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी की मौजूदगी में मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों का तिलक-चंदन लगाकर, दीप दिखाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए कराई प्रतियोगिताएं
शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के बीच ज्ञानवर्धक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। शिक्षकों ने भी इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने चेयरमैन शिरीष सारडा, डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी, जीजी बोर्डिंग स्कूल की प्रभारी शांति महंत सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को कलम और डायरी भेंट कर सम्मानित किया।
शिक्षकों की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम
प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।संस्था के चेयरमैन शिरीष सारडा ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों और गुणों को शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल ने प्रेरक कहानी के प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को धैर्य के साथ करना चाहिए और काम शुरू करने के बाद उसे अधूरा छोड़ने के बजाय पूरा करके आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की सीख देते हुए टीमवर्क को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आयोजन बहुत अच्छा रहा और उम्मीद जताई कि विद्यार्थी इसी तरह आगे बढ़ते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा 11वीं कॉमर्स की छात्रा प्रीति जायसवाल और बीएससी मैथ्स पांचवें सेमेस्टर की छात्रा पूजा चौहान ने किया। कार्यक्रम में जीजी बोर्डिंग इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रभारी शिक्षिका शांति महंत सहित प्रतिभा पटेल, अनीता प्रधान, अनीता मेहर, छोटी मेहर, लक्ष्मी सिंह, सुप्रिया साहू, ज्योति पटेल, नेहा गुप्ता, रेशम खैरवार, बिंदिया गुप्ता, रेवती चैनी, प्रिया खैरवार, उमा डनसेना, करुणा डनसेना और शुभम पुजारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन से दिनेश पटेल, विद्यानंद पटेल, प्रो. विवेक कांबले, प्रो. शरद पंडा, प्रो. भरत सिदार, प्रो. सीताराम कैवर्त्य, प्रो. केशव पटेल, प्रो. मयंक शीतल डनसेना, प्रो. अंजू पटेल, प्रो. नेहा डनसेना, प्रो. बसंत बंजी, प्रो. अनुभा दुबे और प्रो. हरीश गुप्ता सहित स्टाफ उपस्थित रहा। दोनों संस्थानों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



You must be logged in to post a comment.