शिक्षक दिवस पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव की अनूठी पहल, साइबर जागरूकता से जुड़े शिक्षकों का किया सम्मान..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना सारंगढ़ पुलिस ने शिक्षा के साथ समाज में साइबर जागरूकता फैलाने वाले शिक्षकों का आत्मीय सम्मान कर एक सराहनीय पहल की। थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर ने शिक्षकों के निवास पर पहुंचकर सेजेस स्कूल सारंगढ़ के प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल और माध्यमिक शाला कुटेला की शिक्षिका सुषमा पटेल को सम्मानित किया।

Join WhatsApp Group Click Here

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान के साथ विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। थाना प्रभारी प्रमोद यादव और दोनों शिक्षकों के बीच शिक्षा, समाज और डिजिटल युग की चुनौतियों को लेकर भी आत्मीय चर्चा हुई।

साइबर जागरूकता में शिक्षकों की भूमिका अहम

थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध जन-जागरूकता “साइबर जागृति अभियान” की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने बताया कि वे पहले से ही विद्यार्थियों और अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस के अभियान से जुड़कर काम करने पर खुशी जताते हुए कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना समय की बड़ी जरूरत है। शिक्षिका सुषमा पटेल ने भी विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की बात कही।

शिक्षकों ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

इस अवसर पर शिक्षकों और पुलिस ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नागरिकों से साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।

अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने या पैसे ट्रांसफर करने से भी बचना चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है या कोई संदिग्ध साइबर गतिविधि सामने आती है तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर इसकी सूचना देने की अपील की गई।

सम्मान से बढ़ा शिक्षकों का उत्साह

शिक्षक दिवस पर घर पहुंचकर किए गए इस सम्मान के लिए लक्ष्मी प्रसाद पटेल और सुषमा पटेल ने थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा। थाना सारंगढ़ पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से साइबर अपराधों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

Scroll to Top